बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए गठित केस्को की प्रवर्तन टीम के हेड कांस्टेबल राकेश कुमार पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेकर बिजली चोरी को बढ़ावा देने की जांच शुरू करा दी गई है। इसकी शिकायत यूपी पॉवर कार्पोरेशन के एसपी क्राइम लखनऊ में की गई थी।
मामला बिजली मीटर में रीडिंग स्टोर कर बिजली चोरी कराने का था। इस पर केस्को ने आउटसोर्सिंग पर तैनात मीटर रीडर को हटाकर ठेकेदार फर्म पर जुर्माना लगा दिया है। बिरहाना रोड के हरि राठी के सात किलोवाट के कामर्शियल कनेक्शन और बाल किशन के दो किलोवाट के घरेलू कनेक्शन में दो सितंबर को विजिलेंस ने छापा मारा था।
इनके मीटरों में रीडिंग स्टोर मिली थी, लिहाजा बिजली चोरी का मामला नहीं बन रहा था। उपभोक्ता और मीटर रीडर की मिलीभगत का मामला था। यूपीपीसीएल के एसपी क्राइम को बिरहाना रोड के सिद्धार्थ बाजपेई ने शिकायत भेजी है कि उस समय उपभोक्ता को डराकर हेड कांस्टेबल राकेश कुमार ने 10 हजार रुपये रिश्वत ले ली। केस्को विजिलेंस के एएसपी प्रदीप दुबे ने बताया कि उनके पास रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।