सचेंडी में पनकी और भाऊपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर बुधवार को अलीगढ़ के इंटरमीडिएट के छात्र प्रदीप कुमार (18) का शव मिला। प्रदीप मंगलवार की शाम अलीगढ़ स्थित घर से कोचिंग के लिए निकला था। रात को दूसरे के मोबाइल फोन से परिजन को कॉल कर जल्द घर आने की जानकारी दी थी। प्रदीप के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान देख परिजन ने हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। प्रदीप अलीगढ़ से कानपुर तक कैसे और किसके साथ आया इसकी गुत्थी फिलहाल नहीं सुलझ पाई है।
अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र की कुंवरनगर काॅलोनी के राजेंद्र सिंह राजस्थान में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी गीता देवी, बेटी मोनिका व मंजू और बेटा अंकित व प्रदीप कुमार था। परिजन ने बताया कि प्रदीप अतरव कॉलेज से सीबीएससी बोर्ड से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। कॉलेज से आने के बाद मंगलवार शाम पांच बजे घर से 4-5 किमी दूर कोचिंग पढ़ने गया था। रात तक नहीं लौटा। कॉल करने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा।
गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कोचिंग पहुंचे तो पता लगा कि वह कोचिंग गया ही नहीं। घबराकर गांधी नगर पार्क थाने जाने लगे तभी रात करीब 12 बजे एक अन्य नंबर से प्रदीप की कॉल आई। प्रदीप ने मोबाइल स्विच ऑफ होने की जानकारी दी। जल्दी घर पहुंचने की बात भी कही। इसके बाद भी वह नहीं लौटा। परिजन ने उसी नंबर पर कॉल की तो फोन रिसीव करने वाले ने बताया कि उसने युवक के कहने पर बात कराई थी। अब उसकी ट्रेन कानपुर पहुंचने वाली है। इसके बाद फोन कट गया। परिजन ने बताया कि बुधवार सुबह सचेंडी थाने के दरोगा ने उनके गांव छिदरमई के प्रधान और गांधीपार्क थाने की पुलिस को सूचना दी।
वहां से उन लोगों को सचेंडी थाना क्षेत्र में पनकी और भाऊपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर प्रदीप का शव पड़ा होने की जानकारी दी गई। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि युवक के चेहरे और शरीर पर चोट और रगड़ने के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया आंशका है कि युवक ट्रेन से गिरा है। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जाएगा। जिस मोबाइल नंबर से आखिरी बार युवक ने परिजन ने बात की थी उसका भी पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।