थाना प्रभारी केके पटेल ने बताईं पुलिस और थाने की कार्यप्रणाली
भ्रमण के दौरान जूही थाना प्रभारी केके पटेल ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्राओं को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और बाल मित्र कक्ष की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस तरह पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर रहती है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करती है।
मिशन शक्ति और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
वहीं उप निरीक्षक माया पाल ने छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' अभियान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के टिप्स दिए और बताया कि किसी भी तरह की छेड़खानी, प्रताड़ना या आपात स्थिति में वे किन-किन नंबरों का उपयोग कर सकती हैं। छात्राओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई ताकि वे निडर होकर मदद प्राप्त कर सकें।