Kanpur News: उत्तर रेलवे के जालंधर सिटी यार्ड में गर्डर बदलकर नए पीएससी स्लैब लगाने के लिए अक्टूबर में ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस समेत चार प्रमुख ट्रेनों का रूट बदला गया है, जबकि अमृतसर-कटिहार और बांद्रा टर्मिनस समेत तीन ट्रेनें 60 से 110 मिनट तक की देरी से संचालित होंगी।
उत्तर रेलवे के जालंधर सिटी यार्ड में पुल संख्या 28 के पुराने गर्डर बदलकर नए पीएससी स्लैब बिछाने के लिए अक्तूबर में ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। इस कारण चार ट्रेनों के मार्ग बदले जाएंगे और तीन ट्रेनें देरी से चलेंगी। रेलवे के अनुसार जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस (18102) सात अक्तूबर को पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट होकर तथा संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) छह व आठ अक्तूबर को जालंधर कैंट-मुकेरियां-पठानकोट होकर चलेंगी, इनके कई ठहराव रद्द रहेंगे।
विज्ञापन
होशियारपुर-आगरा कैंट एक्सप्रेस (11906) और आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस (11905) सात व नौ अक्तूबर को जालंधर सिटी नहीं जाएंगी, जालंधर कैंट से सीधे संचालित होंगी। वहीं अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (12926) आठ अक्तूबर को 90 और 10 अक्तूबर को 70 मिनट देर से चलेगी। अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस (15708) आठ व 10 अक्तूबर को 90-110 मिनट और अमृतसर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस (11058) 10 अक्तूबर को 60 मिनट तक देरी से चलेंगी।