शुक्लागंज में राजधानी मार्ग पोनी तिराहे से लेकर मरहला चौराहे के बीच बने डिवाइडर पर वर्षों पहले अज्ञात लोगों द्वारा अवैध तरीके से बिना किसी अनुमति के यूनीपोल लगा दिए गए, जिसमें लाखों रूपये के विज्ञापन लगवाते हुए करोड़ाें कमाए गए। अब स्थिति यह है कि यूनीपोल जमीन से जर्जर हो चुके है, जो कभी भी गिर सकते है। वहीं पालिका और पीडब्लूडी की ओर से ध्यान न दिए जाने के कारण लाखों रूपये के राजस्व की चोरी नगर के एक पालिका ठेकेदार द्वारा की जा रही है।
बता दे कि पांच साल पहले राजधानी मार्ग के डिवाइडर पर 12 यूनीपोल लगाए गए किसने लगाए आज तक जिला प्रशासन को नहीं पता। जिसके बाद हाल में ही एक साल के अंदर आठ और नए यूनीपोल रातोंरात खड़े कर दिए गए। प्रत्येक यूनीपोल को विज्ञापन के लिए प्रयोग किया जा रहा है। जिसके लिए लाखों रूपये लोगों से वसूल किए जा रहे है। जबकि पालिका या पीडब्लूडी यदि इसे अपने अधीन करता है तो यहीं राजस्व संबंधित विभागों के खाते में जाएगा। लेकिन इस ओर दोनों ही जिम्मेदार विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है।