वीयू डायनामिक्स और पाथ ग्रुप के बीच एमओयू हुआ
- फोटो : अमर उजाला
देश की सेना को तकनीकी रूप से मजबूत करने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर एक साथ हजारों ड्रोन विकसित करने की तैयारी में हैं। आईआईटी के स्टार्टअप वीयू डायनामिक्स ने इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी प्रकाश एस्फाल्टिंग्स एंड टोल हाईवेज (पाथ) ग्रुप के साथ समझौता किया है। इसके तहत बड़े स्तर पर ड्रोन के साथ एरियल प्लेटफार्म भी विकसित किए जाएंगे। इस साझेदारी से हवाई तकनीकों के विस्तार की दिशा में मदद मिलेगी।
आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप वीयू डायनामिक्स की स्थापना संस्थान के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर सुब्रमण्यम सडरेला और डॉ. श्रावंती सडरेला ने की है। कंपनी ने सिविल और डिफेंस में इस्तेमाल के लिए अगली पीढ़ी के ड्रोन की डिजाइनिंग और निर्माण शुरू कर दिया है। कंपनी के सभी ड्रोन स्वदेशी तकनीक से विकसित किए जा रहे हैं।
वीयू डायनामिक्स के सह-संस्थापक प्रो. सुब्रमण्यम सडरेला ने बताया कि यह साझेदारी रक्षा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। यह तकनीक पूर्ण रूप से स्वदेशी है और संचालन लंबे समय से किया जा सकता है। पाथ ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर नितिन अग्रवाल ने कहा कि आईआईटी जैसे संस्थानों से निकलने वाले इनोवेशन की हमेशा सराहना की जाती है। इस समझौते के तहत इनोवेशन को बड़े स्तर पर उत्पादन तक ले जाना है।
आईआईटी के स्टार्टअप इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) के सीईओ अनुराग सिंह ने कहा कि इस समझौते से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। विषम परिस्थितियों में बड़े स्तर पर ड्रोन और अनमैंड एयर व्हीकल (यूएवी) क्षेत्र में उत्पादन किया जा सकेगा। प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि संस्थान की फैकल्टी के स्टार्टअप वीयू डायनामिक्स और पाथ ग्रुप के बीच हुए समझौते का लाभ रक्षा क्षेत्र को मिलेगा। इससे यह सेक्टर और मजबूत होगा।