कानपुर आईआईटी के पीएचडी छात्र ने पत्नी के परिजनों से जान का खतरा बता शुक्रवार को एसएसपी अनंत देव से सुरक्षा की गुहार लगाई। कैंपस में रह रहे छात्र कृष्णकांत ने बताया कि उसने बरेली निवासी रिश्तेदार की बेटी से 10 दिसंबर को दिल्ली में आर्यसमाज और हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। अगले दिन शहर आकर विवाह पंजीकृत भी कराया।
पत्नी के घरवाले शादी के विरोध में थे तो बरेली के इज्जतनगर थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। गुरुवार को ससुरालीजन इज्जतनगर पुलिस के साथ बर्रा निवासी बहन के घर आए और बहनोई को जबरन अपने साथ ले गए।
ससुरालीजन और पुलिस आईआईटी भी पहुंची, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। छात्र ने ससुरालीजनों की धमकी का वीडियो भी एसएसपी को सौंपा है। एसएसपी ने बरेली पुलिस से वार्ता कर दंपति को सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया। बर्रा एसओ को भी गुहार न सुनने पर फटकारा।