यौन शोषण की शिकार आईआईटी की प्रोजेक्ट इंंजीनियर ने गुरुवार को मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान दर्ज कराए। पीड़िता ने अपने बयानों में एफआईआर में लिखी गई सारी बातों को दोहराया है। ऐसे में माना जा रहा है कि पुलिस शुक्रवार को आरोपी सहकर्मी को गिरफ्तार कर सकती है।
यौन शोषण की शिकार युवती आईआईटी में साइबर सिक्योरिटी के प्रोजेक्टर में बतौर इंजीनियर काम करती है। युवती का आरोप था कि मूलरूप से इंदौर के रहने वाले सहकर्मी शुभम मालवीय ने शादी का झांसा देकर एक साल तक यौन शोषण किया। शादी के लिए जोर दिया तो उसके साथ मारपीट की और धमकाया। उसने आईआईटी प्रशासन और पुलिस से शिकायत की थी। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करा दिए गए हैं। बयानों के अवलोकन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहकर्मियों ने दर्ज कराए बयान
पुलिस की दो टीमें गुरुवार को आईआईटी परिसर में पहुंची। टीम ने एक दर्जन से अधिक सहकर्मियों के बयान दर्ज किए। इसके साथ कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी एकत्रित किए जहां अक्सर आरोपी पीड़िता के साथ मिलता था। पुलिस ने उन सभी वीडियो को भी अपने कब्जे में लिया है जिसे साक्ष्य के रूप में विवेचना में शामिल किया जाएगा।