साइबर ठगों ने बैंक एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के नाम पर आईआईटी कानपुर के एक प्रोफेसर के क्रेडिट कार्ड से लगभग 2.75 लाख की रकम पार कर दी। पीड़ित प्रोफेसर ने मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
कानपुर आईआईटी में प्रोफेसर श्रीनिवास धारावत ने बताया कि 31मई को उनका मोबाइल खराब हो गया था। नए मोबाइल पर इंडसइंड बैंक की एप्लीकेशन को डाउनलोड किया, लेकिन उनके पुराने मोबाइल में पहले से लॉगइन होने के चलते नए मोबाइल पर दिक्कत आ रही थी। जानकारी लेने के लिए श्रीनिवास ने गूगल से नंबर सर्च कर टोल फ्री नंबर पर फोन किया। फिर तीन अलग-अलग नंबरों से फोन कर खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताने वाले युवक ने एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के नाम पर उन्हें एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से 2.74 लाख 460 रुपये की रकम पार हो गई। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।