Kanpur News: आईआईटी कानपुर ने दिल्ली में कृत्रिम वर्षा कराने के मिशन के तहत मंगलवार दोपहर 12:15 बजे एक सेसना विमान को रवाना किया। निदेशक प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि सफलता दिल्ली के मौसम पर निर्भर करेगी, लेकिन प्रारंभिक संकेत सकारात्मक हैं।
दिल्ली के आसमान में आज कृत्रिम वर्षा की उम्मीदें एक बार फिर से जग उठी हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे आईआईटी कानपुर की हवाई पट्टी से सेसना विमान ने उड़ान भरी, जिसका मिशन राजधानी में कृत्रिम वर्षा कराना है। सुबह से ही आईआईटी की टीम पूरी तैयारी में जुटी थी। विशेषज्ञों की नजर मौसम के हर उतार-चढ़ाव पर टिकी रही।
विज्ञापन
दोपहर में जैसे ही मौसम अनुकूल दिखा, वैज्ञानिक दल ने विमान को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि अभियान की सफलता अब पूरी तरह से दिल्ली के मौसम पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सारी तैयारी पूरी है। मौसम भी सकारात्मक संकेत दे रहा है। विमान के लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि प्रयास कितना सफल रहा।