आईआईटी कानपुर का 58वां दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत में 2848 स्नातक, परास्नातक और पीएचडी धारकों को उपाधियां दी जाएंगी। दीक्षांत की तैयारियों को रविवार को अंतिम रूप दिया जाता रहा। साथ ही रिहर्सल कर तैयारियों को क्राॅस चेक भी किया गया। बोर्ड ऑफ गवर्नेंस की बैठक में मेधावियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
पहली बार दीक्षांत में 310 पीएचडी डिग्रियां दी जाएंगी। यह अभी तक सर्वाधिक संख्या है, इससे पहले तक 250 के भीतर ही डिग्रियां दी जाती थीं। करीब 3000 विद्यार्थी संस्थान से पीएचडी कर रहे हैं। 1965 में हुए संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह में 66 मेधावियों को डिग्रियां दी गई थीं।दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आरबीआई गवर्नर संजय मेहरोत्रा होंगे। प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल अवार्ड कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के तलिन गुप्ता को दिया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन दो चरणाें में होगा। पहला चरण सुबह 9:30 बजे से मुख्य सभागार और दूसरा चरण 2:30 बजे से विभिन्न लेक्चर हॉल में होगा। इस दौरान पीएचडी के 210, एमटेक-पीएचडी के 29, एमडेस-पीएचडी के दो, एमएस-पीएचडी के 2, एमटेक के 480, स्नातक के 1197, एमएससी के 194, एमबीए के 145, एमडेस के 20, एमएस के 83, पीजीपीएक्स के 40, डबल मेजर के 26, डुअल डिग्री के 93, एमएस डुअल डिग्री के 26, ई-मास्टर के 361 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी।