कानपुर में साउथ जोन के सात अपराधियों की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बिधनू के इकडरिया निवासी कुलदीप यादव व रोहित यादव, घाटमपुर के पूर्वी कस्बा निवासी इकराम कुरैशी, गुजैनी निवासी लवी तिवारी उर्फ सर्वेश तिवारी, नौबस्ता के मछरिया निवासी सैफुद्दीन कुरैशी, गुजैनी के बर्रा-आठ निवासी संदीप अग्निहोत्री व किदवईनगर के अंबेडकरनगर निवासी मोना कश्यप की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। बताया कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद संबंधित थाना पुलिस इन अपराधियों की गतिविधियों की नियमित निगरानी के आदेश दिए हैं।
थानों को नियमित निगरानी के सख्त निर्देश
डीसीपी दक्षिण ने बताया कि बिधनू, घाटमपुर, गुजैनी, नौबस्ता और किदवईनगर थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इन हिस्ट्रीशीटरों की हर गतिविधि, उठने-बैठने के ठिकानों और आजीविका के साधनों की पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जाए। यदि इनमें से कोई भी पुनः किसी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाया जाता है या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट और जेल भेजने जैसी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।