कर्नलगंज में चुनाव में हार की रंजिश पर हिस्ट्रीशीटर ने पार्षद से जून में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मना करने पर 30 जून को हिस्ट्रीशीटर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर तमंचे के बल पर 25 हजार रुपये वसूले। बाकी बचे रुपये न देने पर आरोपियों ने हत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के वार्ड 110 के पार्षद मोहम्मद नौशाद के अनुसार उन्होंने 2023 में निकाय चुनाव में पूर्व पार्षद मुरसलीन उर्फ भोलू की पत्नी को हराया था। जिसके बाद से मुरसलीन उनसे रंजिश रखने लगा और उनकी हत्या की फिराख में है। पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के मामले में भी मुरसलीन आरोपी है। नौशाद के अनुसार मुरसलीन अपने साथी टिल्लू उर्फ शमशाद, हिस्ट्रीशीटर अकील खान उर्फ अकील खिचड़ी के साथ 10 लाख रुपये रंगदारी मांग रहा है। 30 जून की शाम चार बजे जीआईसी ग्राउंड के पास अकील खिचड़ी, टिल्लू उर्फ शमशाद मिले।
आरोपियों ने तमंचा दिखाते हुए धमकाया कि तुमने मुरसलीन उर्फ भोलू का बहुत नुकसान कराया है। दहशत में दबाव बनाकर उनसे 25 हजार रुपए ले लिए। दो जुलाई को अकील, टिल्लू उर्फ शमशाद ने बचे 9.75 लाख रुपये की मांग की। न देने पर हत्या करने की धमकी दी।