बता दें कि कल्याणपुर के गूबा गार्डन स्थित एक चर्च में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा काटा था। पुलिस ने चर्च के बिशप को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने तहरीर दी है।
आरोप है कि पिछले तीन दिनों से चर्च में सैकड़ों लोगों को बाहरी जिलों से बुलाकर धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। बुधवार रात हिंदू युवा वाहिनी के दीपक ठाकुर, घनश्याम मिश्रा समेत अन्य हिंदू संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
हिंदू युवा वाहिनी के दीपक ठाकुर ने बताया कि चर्च में मौजूद लोगों को 50 हजार रुपये और एक साल का राशन देने का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। कल्याणपुर सीओ अशोक कुमार भारी फोर्स के साथ पहुंचे और विशाल पंकज मलिक को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।