कल्याणपुर ब्लॉक के लोधवाखेड़ा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिकाओं की मनमानी सामने आने पर बीएसए ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका रंजना गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन शिक्षिकाओं की अस्थायी वेतनवृद्धि रोक दी है। बीती 17 अगस्त को डीएम के निरीक्षण में प्रभारी प्रधानाध्यापिका समेत पांच शिक्षिकाएं विद्यालय में गैरहाजिर मिली थीं।
बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केवल शिक्षामित्र महेश प्रसाद मौजूद थे। प्रभारी प्रधानाध्यापिका रंजना गुप्ता और शिक्षिका क्षमा श्रीवास्तव आकस्मिक अवकाश पर थीं, जबकि सबीहा हसन जैदी चिकित्सीय अवकाश पर थीं। एक ही दिन अधिकांश शिक्षकों के विद्यालय से अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई थी। खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या मिलने के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापिका रंजना गुप्ता को निलंबित करने के साथ ही क्षमा श्रीवास्तव, साफिया खातून अंसारी और सबीहा हसन जैदी की अस्थायी वेतनवृद्धि रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।