कानपुर के ग्रीनपार्क में भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच 30 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की सीरीज में स्टेडियम की कुल 30135 में 20570 सीटों का ही उपयोग किया जाएगा। यह निर्णय सी बालकनी और सी स्टॉल के पिछले साल ही मरम्मत होने के साथ अन्य सभी दीर्घाओं में भी कुछ कमियां होने के चलते लिया गया। शनिवार को पीडब्ल्यूडी ने निरीक्षण के बाद दर्शक क्षमता निर्धारित कर दी है। इसके अनुसार ही ग्रीनपार्क की सभी दर्शक दीर्घाओं का इस्तेमाल तो किया जाएगा पर पूरी क्षमता के साथ नहीं।
उधर मैच की तैयारियों को लेकर टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। इस दौरान डीएम ने कहा कि ग्रीनपार्क को मैच मिलना कानपुर के लिए गर्व की बात है और प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों में पूरा सहयोग मिलेगा। डॉ. संजय कपूर ने बताया कि मंडलायुक्त और अन्य विभाग के साथ जल्द ही बैठक करके जिम्मेदारियों को बांटा जाएगा। इसके साथ ही 100 से 500 रुपये तक के टिकट की बिक्री बुक माई शो के अलावा ऑफलाइन काउंटरों से 23 सितंबर से प्रारंभ हो जाएगी।