कानपुर को अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। यह ट्रेन 21 जून से जयपुर-दरभंगा के बीच चलेगी, इसका ठहराव कानपुर सेंट्रल पर भी होगा। केंद्रीय रेल, प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव कानपुर सेंट्रल समेत दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा, टूंडला, इटावा, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी और दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
24 से नियमित चलेगी आनंद विहार-मऊ एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने आनंद विहार टर्मिनल-बलिया स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का फैसला किया है। यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस (14056/14055) के रूप में 24 जून से नियमित रूप से चलना शुरू करेगी। ट्रेन संख्या 14056 आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को आनंद विहार से दोपहर तीन बजे रवाना होगी और रात आठ बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में 14055 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को मऊ से चलकर रात 8:10 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। ट्रेन में एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, इकॉनमी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी समेत कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
कई ट्रेनों का ठहराव बदला
वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक की अवधि बढ़ाए जाने के कारण कई ट्रेनों का ठहराव वडोदरा जंक्शन के स्थान पर छायापुरी स्टेशन पर निर्धारित किया गया है। इनमें कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष, सूबेदारगंज-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट, आगरा कैंट-उधना विशेष, प्रयागराज-दादर विशेष और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।