फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर मैच खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
कानपुर। डॉ. नागेंद्र स्वरूप की स्मृति में डॉ. वीरेंद्र स्वरूप क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित गोल्ड कप (कैश मनी) क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में कानपुर जेम्स ने कानपुर टाइटन को 13 रन से हराया। फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर खेले गए इस मैच का उद्घाटन डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार (आईपीएस) और विशिष्ट अतिथि रंजीत सिंह ने गुब्बारे उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर जेम्स ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 161 रन बनाए। टीम से बाशिद खान ने 73 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और गोलू सिंह ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में शैलेंद्र सिंह ने पांच, अभि सिंह और अनिकेत यादव ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर टाइटन की पूरी टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन पर आउट हो गई। टीम से शैलेंद्र सिंह और सुमित सिंह ने 24-24, देवर्षि ने 21 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में हरजीत सिंह ने तीन, मो. तल्हा और मोहम्मद ने एक-एक विकेट लिया।
प्लेयर ऑफ द मैच बाशिद खान चुने गए। मैच का संचालन मनोज कुरील ने किया जबकि टूर्नामेंट सचिव की जिम्मेदारी एहसान इमरान ने संभाली। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि रंजीत सिंह, रामगोपाल, वीरेंद्र शुक्ला, प्रदीप ओझा, मो. यासीन, रवि सक्सेना और सुधीर श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।