कानपुर में नकली दवाइयां बेचने वाले गिरोह पर गोविंदनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गोरखपुर के प्रियांशु कुमार चौहान को गैंग का लीडर बनाया गया है। पुलिस ने कुल आठ आरोपियों पर कार्रवाई की है। अब पुलिस इस एक्ट के तहत इन आरोपियों की संपत्ति भी जब्त करेगी।
गोविंदनगर पुलिस ने 28 अप्रैल 2022 को दवा बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। जिसमें गोरखपुर के प्रियांशु कुमार चौहान, राजवीर, प्रेमशंकर चौहान व हरिशंकर चौहान के अलावा किदवईनगर के गौरव मिश्रा, बर्रा की सीमा सिंह, फरीदाबाद के ध्रुव अरोड़ा व लखनऊ निवासी लक्ष्मीकांत को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस ने खुलासा किया था कि आरोपी अलग-अलग दवा कंपनियों का नाम इस्तेमाल कर नकली दवाइयां बाजार में बेचते हैं। हर साल करोड़ों रुपये इस अवैध धंधे से आरोपी कमाते थे। डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों का कृत्य मानव जीवन को खतरे में डालने का है। इसलिए इसको बेहद गंभीरता से लिया गया। मामले में चार्जशीट दाखिल करने के बाद अब इन सभी पर गैंगस्टर लगाया गया है। अब इनकी अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित किया जाएगा। कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्तियां जब्त की जाएंगी।