गंगा बैराज में लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
- फोटो : अमर उजाला
लगातार बारिश और नराैरा, हरिद्वार से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार देरशाम गंगा का जलस्तर 113.43 मीटर दर्ज किया गया जो चेतावनी बिंदु से 1.96 मीटर नीचे है। वहीं, नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन की चिंता बढ़ी है। हालात को देखते हुए गंगा बैराज के सभी 30 फाटक खोलकर करीब 2.76 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, पानी बढ़ने से बिठूर स्थित ब्रह्म खूंटी भी डूब गई है।
गंगा बैराज के जेई उत्तम पाल ने बताया कि नरौरा बैराज से करीब 1.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जिसके अगले तीन दिन में कानपुर पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा हरिद्वार से लगभग 1.07 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो करीब चार दिन बाद शहर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। वहीं, बैराज से बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के बाद नदी का बहाव तेज हो गया है।