पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब कानपुर में गंगा के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटे में शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 1.19 मीटर बढ़ गया। रविवार सुबह आठ बजे जलस्तर 110.80 मीटर दर्ज किया गया जो शनिवार सुबह 109.72 मीटर था। शाम तक यह बढ़कर 110.91 मीटर पहुंच गया। हालांकि यह अभी भी 113 मीटर के चेतावनी स्तर से नीचे है।
सिंचाई विभाग के अनुसार हरिद्वार और नरौरा से छोड़े गए अतिरिक्त पानी के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को हरिद्वार से 66,230 और 67,419 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जबकि कानपुर गंगा बैराज से 1,08,193 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। एक ही दिन में जलस्तर में एक मीटर से अधिक की बढ़ोतरी से गंगा किनारे बसे कटरी क्षेत्र के गांवों में चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गंगा किनारे अलर्ट जारी कर दिया है। गंगा बैराज पर जल पुलिस की तैनाती कर दी गई है और नाव संचालन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।