महाराष्ट्र के बाद अब यूपी को मेफेड्रोन का हब बनाने की राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) और पुलिस की आशंका सही साबित होती नजर आ रही है। डेढ़ माह में तीसरी बार मेफेड्रोन का पकड़ा जाना यही संकेत दे रहा है। पुलिस की जांच में मेफेड्रोन की तस्करी में जो भी नाम सामने आए हैं वो सभी बाबूपुरवा के हैं। ऐसे में पुलिस को इलाके में भारी मात्रा में मेफेड्रोन का स्टॉक किए जाने की आशंका है। मंगलवार को पकड़े गए 600 ग्राम मेफेड्रोन को पुलिस लिखापढ़ी में मुंबई भेजना बता रही है। हकीकत तो यह है कि इसे शहर में ही खपाया जाना था।
विज्ञापन
जालौन की फैक्टरी से लाया गया मेफेड्रोन लखनऊ, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, उन्नाव, बाराबंकी और आगरा तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस को बाबूपुरवा के हसीन, शैलू और दानिश की सरगर्मी से तलाश है। बाबूपुरवा का ही अरबाज कट्टा फिलहाल कानपुर में गिरोह का दूसरा सरगना बताया जा रहा है जो कि फरार चल रहा है। चारों मास्टरमाइंड खैय्याम के गुर्गे बताए जा रहे हैं।
बीती 23 अक्तूबर को कानपुर में पहली बार लकड़मंडी निवासी नजमुद्दीन उर्फ शान को 101 ग्राम मेफेड्रोन (जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत एक करोड़ थी) के साथ गोविंदपुरी पुल के नीचे से पकड़ा था। इसके बाद 29 अक्तूबर को जालौन में फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ। 10 नवंबर को फैक्टरी में कच्चा माल सप्लाई करने वाला बाबूपुरवा निवासी रिजवान भी 50 लाख की मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार हुआ।
विज्ञापन
रिजवान से ही दाऊद के करीबी मुंबई निवासी खैय्याम का नाम सामने आया था। मेफेड्रोन फैक्टरी तक कच्चा माल पहुंचाने वाले रिजवान के साथी बाबूपुरवा के हसीन, शैलू और दानिश हैं। फजलगंज पुलिस का कहना है कि ये सब खैय्याम के साथ काम कर चुके हैं और इनकी जालौन में फैक्टरी लगाने से लेकर मेफेड्रोन की बिक्री तक में सक्रियता रही है।
मुखबिर तंत्र में फजलगंज पास तो बाबूपुरवा फेल
एक माह में लगातार तीसरी बार तस्करों से मेफेड्रोन बरामद कर फजलगंज पुलिस ने अफसरों के सामने अपने नंबर बढ़ा लिए हैं। दूसरी तरफ आरोपी और मेफेड्रोन बाबूपुरवा से ही निकल रहा है लेकिन वहां की पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। महकमे में चर्चा है कि फजलगंज पुलिस मुखबिर तंत्र के चलते सफलता पा रही है।