बर्रा पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर दो वारदातों का खुलासा किया है। यह गिरोह पिकअप से रेकी कर घरों को निशाना बनाता था। आरोपियों की पहचान औरैया के विक्रम, बलरामपुर के राज कश्यप और दबौली के अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुछ नकदी और आठ लाख के जेवर और पिकअप बरामद की है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, 18 जनवरी को बर्रा सात के प्रदीप प्रजापति के घर चोरी हुई थी। 16 फरवरी को बर्रा चार के हर्षित चौहान के यहां चोरी की वारदात हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जिसमें कुछ युवक पिकअप से सामान ले जाते हुए नजर आए। आरोपियों को पिकअप के नंबर के आधार पर दबोच लिया गया। विक्रम पर औरैया, कानपुर देहात के भोगनीपुर, गुजैनी, नौबस्ता, बर्रा और रावतपुर थाने में चोरी और अन्य धाराओं में 13 एफआईआर हैं। राज कश्यप पर लखनऊ के सरोजनी नगर, बर्रा थाने में तीन रिपोर्ट दर्ज हैं। अंकित के खिलाफ बर्रा थाने में दो एफआईआर हैं।