फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जर्जर मकानों पर आफत की बारिश: चार घर गिरे, दो की माैत, परिजनों में मचा कोहराम

Sat, 29 Aug 2026 10:32 PM IST
Shikha Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जर्जर मकानों पर शनिवार को बारिश आफत बनकर बरसी। फीलखाना के जौहरी का हाता में दीवार गिरने से दो घर जमींदोज़ हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि पड़ोसी महिला घायल हो गई। वहीं कलक्टरगंज के नील वाली गली में दो मंजिला जर्जर मकान ढह गया। इसी तरह, घाटमपुर के मोहनपुर गांव में पशु बाड़े की छत व दीवार ढह गई। इसमें युवक की मौत हो गई।
विज्ञापन


फीलखाना के जौहरी का हाता निवासी करन कश्यप उर्फ बल्लू (27) सब्जी का ठेला लगाता था। परिवार में मां पुष्पा, बहन आंचल और छोटा भाई अर्जुन हैं। अर्जुन के मुताबिक, शनिवार शाम बारिश के चलते करन घर में था। मां और बहन रक्षाबंधन पर कानपुर देहात स्थित ननिहाल गईं थीं। इसी दौरान हाते की एक दीवार घर में पड़ी खपरैल की छत पर गिरी। छत ढहने से करन दब गया। पड़ोस में रहने वाली ऊषा कश्यप भी दबकर घायल हो गईं। सूचना पर फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे बाद घायल अवस्था में करन और ऊषा को निकाला गया। दोनों को उर्सला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने करन को मृत घोषित कर दिया। ऊषा का इलाज जारी है। देर शाम घर पहुंची करन की मां और बहन बदहवास हो गईं। एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह, एसीपी और फीलखाना थाने का फोर्स भी पहुंचा। एडीसीपी ने बताया कि हादसे में एक की मौत हो गई है। महिला का इलाज जारी है।

फायर ब्रिगेड की संकरी गाड़ी गली में फंसी
फायर ब्रिगेड की गाड़ी हाते के पास संकरी गली के अंदर तक नहीं जा सकी। किसी तरह जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।

नील वाली गली में भी गिरा दो मंजिला मकान
बिरहाना रोड स्थित नील वाली संकरी गली में दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घर में कोई मौजूद नहीं था। कलक्टरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि 58/22 मकान एक ट्रस्ट के नाम पर है। इसमें मुन्नी देवी अपने दो बेटों नंद किशोर और नवल किशोर के साथ रहती थी। कुछ दिन पहले उन्होंने घर छोड़ दिया था। मकान गिरने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने नगर निगम टीम की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटवाया।
विज्ञापन

इधर, युवक की मौत, 10 बकरियों को सुरक्षित निकाला गया
मोहनपुर गांव पशुबाड़ा की छत गिरने से अमित कुमार (25) और 10 बकरियां दब गईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर निकाला। अमित कुमार को सीएचसी पहुंचे वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बकरियां सुरक्षित हैं।
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद 112 नंबर पर कई बार फोन कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई। करीब दो घंटे तक न एंबुलेंस मौके पर पहुंची और न ही बचाव टीम। समय रहते सरकारी मदद मिल जाती तो अमित की जान बच सकती थी। उधर, एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने परिजन से मुलाकात कर दैवी आपदा के तहत आर्थिक सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें