पूर्व राष्ट्रपति से सर्किट हाउस में महापौर ने की मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद चार दिवसीय प्रवास पर महानगर में हैं। दूसरे दिन उनसे मिलने के लिए कई लोग सर्किट हाउस पहुंचे। शाम को वह कैंट क्षेत्र में रह रहे अपने खास परिचित व्यवसायी कृष्ण कुमार अग्रवाल मुन्ना बाबू से मिलने उनके आवास पर गए। सर्किट हाउस में उनसे मिलने वालों से कोविंद ने कहा कि पांच-छह महीने बीतने के बाद ऐसा लगता है कि कानपुर चलना चाहिए। अपने शहर और अपने गांव से लगाव हमेशा बना रहता है।
सोमवार को उनसे मिलने पहुंची महापाैर प्रमिला पांडेय को पहले उन्होंने स्वच्छता रैकिंग में देश में कानपुर का 13 वां स्थान आने पर बधाई दी फिर कहा कि अभी शहर को और स्वच्छ होने की जरूरत है, इसके लिए मेहनत करो। महापाैर ने बताया कि कल परसों में पूर्व राष्ट्रपति ने परमट में आनंदेश्वर बाबा के दर्शन की भी इच्छा जताई है। इसी तरह भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने भी कोविंद से मुलाकात किया। विधायक के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति ने पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार, बालचंद मिश्रा, जगतवीर सिंह द्रोण, गोपाल अवस्थी व स्व.श्याम बिहारी मिश्रा और स्व.वासुदेव वासवानी के परिजनों के विषय में जानकारी ली। मैथानी ने उनका पटि्टका पहनाकर स्वागत किया।
इस बीच पूर्व राष्ट्रपति के आगमन पर जनप्रतिनिधियों को उनके शहर आने की जानकारी नहीं होने पर विधायक मैथानी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नाराजगी जताई है। जिसमें उन्होंने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति के आगमन की जानकारी नहीं होने की वजह से उनके स्वागत में वह लोग पहले दिन उपस्थित नहीं हो सके। इस संबंध में जिलाधिकारी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित अधिकारी को प्रोटाेकाॅल का अनुपालन करने के लिए निर्देशित किया है।