पूर्व आईपीएल खिलाड़ी और वर्तमान में रिजर्व बैंक आफ इंडिया में अधिकारी क्रिकेटर अमित मिश्रा के खिलाफ उनकी पत्नी मॉडल गरिमा तिवारी ने दहेज उत्पीड़न, गालीगलौज, मारपीट व खुदकुशी के लिए उकसाने जैसे आरोप लगाते हुए एक परिवाद दाखिल किया है। इसके पहले भी गरिमा घरेलू हिंसा और भरण पोषण के लिए मुकदमा दाखिल कर चुकी हैं।
फीलखाना निवासी गरिमा तिवारी ने अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में पति अमित मिश्रा, सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी रितु मिश्रा, ननद स्वाति मिश्रा के खिलाफ परिवाद दाखिल किया है। कहा है कि 26 अप्रैल 2021 को अमित मिश्रा से उनकी शादी कानपुर क्लब में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में हांडा सिटी कार व 10 लाख रुपये की मांग कर प्रताड़ित करते थे। मॉडलिंग से जो भी पैसे मिलते थे अमित उसे छीन लेता था। आए दिन शराब पीकर गालीगलौज व मारपीट करता। भूखा रखता और तलाक की धमकी देता था।
प्रताड़ना के कारण वह अवसाद में रहने लगीं और माॅडलिंग भी छूट गई। ससुरालवालों के उकसाने पर उसने खुदकुशी की कोशिश भी की थी। दहेज की मांग पूरी न होने के कारण मार्च 2024 में ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया था। गरिमा के अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि गरिमा ने फीलखाना थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। कार्रवाई न होने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजे। कई महीनों तक वह थाने के चक्कर काटती रही लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तब कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है।