राजू श्रीवास्तव के शुभचिंतकों ने किया हवन-पूजन
- फोटो : अमर उजाला
राजू श्रीवास्तव के जल्द स्वस्थ होने के लिए बुधवार को कानपुर के किदवई नगर स्थित राधा माधव मंदिर में उनके शुभचिंतकों ने हवन-पूजन किया। इसके बाद ईश्वर से प्रार्थना करी कि वह जल्द से जल्द अस्पताल से घर आएं। राजू श्रीवास्तव के बचपन के मित्र ज्ञानेश मिश्रा ने बताया कि आज राधा माधव मंदिर में राजू के क्षेत्रीय लोग, मित्र व शुभचिंतकों ने हवन में आहुति देकर भगवान से प्रार्थना की है कि राजू भाई जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।
इधर राजू के भाई काजू श्रीवास्तव को अभी इस घटना की कोई भी जानकारी नहीं है। जबकि काजू श्रीवास्तव पिछले 3 दिन पूर्व ही एम्स हॉस्पिटल में भर्ती हुए हैं। उनके कान के नीचे गांठ है। जिसका ऑपरेशन हुआ है। एम्स हॉस्पिटल के पहले माले में काजू श्रीवास्तव भर्ती हैं और दूसरे माले में राजू श्रीवास्तव आईसीयू में भर्ती हैं।
काजू की हालत को देखते हुए उन्हें भी भाई के स्वास्थ्य के बारे में नहीं बताया गया है। राजू श्रीवास्तव के पीआरओ गर्वित नारंग ने बताया कि बुधवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टीम ने हॉस्पिटल में आकर परिजनों से हालचाल लिया और डॉक्टरों से भी स्वास्थ्य को लेकर बातचीत की। इसके अलावा मोदी सरकार के मंत्री राजनाथ सिंह ने भी फोन कर डॉक्टरों से उनका हालचाल जाना।