समाजवादी पार्टी के काफी पुराने नेता और नगर निगम में पार्षद दल के नेता हाजी सुहेल अहमद ने बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू ने उन्हें लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल किया।
चुनाव के ठीक पहले अपने समर्थकों और पार्षदों के साथ कांग्रेस में शामिल होने से सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है। यह सीट समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी की है जहां से सुहेल के चुनाव लड़ने पर अब मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
उनको कांग्रेस में शामिल कराने में कैंट से कांग्रेस विधायक सोहिल अंसारी की अहम भूमिका रही है। पार्टी में शामिल कराने के लिए लखनऊ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, हरियाणा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कानपुर जोन के प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल मौजूद रहे। हाजी सुहेल अहमद के साथ उनके करीबी पार्षद और जिला योजना समिति के सदस्य राशिद महमूद उर्फ शिब्बू अंसारी, सपा के पूर्व पार्षद राकेश साहू, महेंद्र प्रताप सिंह, आबिद अली ने भी कांग्रेस का हाथ थामा है।