Kanpur News: सागर मार्केट में मोबाइल एक्सेसरीज के गोदाम में लगी आग ने पांच मंजिला इमारत को चपेट में ले लिया, जहां चार परिवारों ने भागकर जान बचाई। व्यापारियों ने केस्को और फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।
कानपुर के बिरहाना रोड स्थित सागर मार्केट की पांच मंजिला इमारत में शनिवार रात भीषण आग लग गई। आग दूसरे फ्लोर पर स्थित मोबाइल पार्ट्स व एक्सेसरीज के गोदाम में करीब 11:20 बजे लगी, जो तेजी से फैल गई। बिल्डिंग के ऊपरी तीन फ्लोर पर रह रहे चार परिवारों ने धुएं और लपटों के बीच सीढ़ियों से सुरक्षित बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। मार्केट अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने केस्को पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिजली तारों की खराब स्थिति को जिम्मेदार बताया। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक सामान को भारी नुकसान हुआ।