Kanpur News: जाजमऊ की नई चुंगी स्थित एक टेनरी में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण स्प्रे विभाग में भीषण आग लग गई। दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़े नुकसान को होने से रोक लिया।
कानपुर में जाजमऊ थानाक्षेत्र के नई चुंगी स्थित एक टेनरी में मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई, जब स्प्रे डिपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख टेनरी में काम कर रहे कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर स्प्रे डिपार्टमेंट में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली, जिसने वहां रखे ज्वलनशील पदार्थ को पकड़ लिया। देखते ही देखते धुएं का गुबार उठने लगा। टेनरी प्रबंधन ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे किसी जनहानि की खबर नहीं है।