Kanpur News: गुमानीपुरवा गांव में एक व्यक्ति के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं, जिस पर झगड़े के दौरान छह से अधिक लोगों की नाक काटने का आरोप है। ग्रामीणों ने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से इसकी शिकायत की, जिन्होंने जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कानपुर में थाना ककवन क्षेत्र के गांव गुमानीपुरवा में एक व्यक्ति के लोगों की नाक काटने की हरकत से पूरा गांव दहशत में है। ग्रामीण अवधेश के साथ कई ग्रामीणों ने शुक्रवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दरबार में पहुंचकर इसकी शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि अलवर नाम का व्यक्ति गांव में आए दिन झगड़ा करता है और किसी से भी बहस होने पर झपट्टा मारकर उसकी नाक काट लेता है।
विज्ञापन
उसके दांत चूहे की तरह पैने बताए जा रहे हैं। अब तक छह से अधिक लोगों की नाक काट चुका है। शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई जिससे गांव में भय का माहौल है। उसके डर से बच्चे और महिलाएं घरों से निकलने में झिझकते हैं। डीएम ने डीसीपी को जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।