जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप में जेल में बंद पिता शशिरंजन मिश्रा ने रविवार दोपहर अपना गला काट लिया। उसने बंदियों को खाना खाने के लिए मिलने वाली थाली को घिसकर धारदार हथियार के रूप में इस्तेमाल कर घटना की। पुलिस ने उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवईनगर के ब्लॉक स्थित त्रिमूर्ती फेज-दो अपार्टमेंट निवासी शशिरंजन मिश्रा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव थे। 18 अप्रैल की रात उसने अपनी जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि गला घोटने के बाद गर्दन पर चापड़ रख उस पर हथौड़ा मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके बाद से वह जेल में ही बंद है।
सूत्रों के अनुसार दोनों बेटियों की हत्या करने के अपराध बोध पर आरोपी काफी तनाव में है। उसने खाना खाने के लिए मिली स्टील की थाली को धारदार बनाकर खुद की गर्दन काट ली। दर्द होने पर चीखा तो साथी बंदियों और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जेल अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि उसकी हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की अनुमति के बाद उसे वापस जेल ले जाया जाएगा।