गुजैनी के बिहारीपुरवा में चोरों ने सो रहे परिवार पर नशीला स्प्रे छिड़कने के बाद घर से ढाई लाख का माल पार कर दिया। रविवार सुबह परिवार के बाहर न आने पर पड़ोसी घर में दाखिल हुए। सो रहे परिवार को जगाया तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
बिहारीपुरवा निवासी प्राइवेटकर्मी अरुण तिवारी के परिवार में पिता कमलेश, पत्नी रूबी व दो बच्चे हैं। अरुण ने बताया कि डेंगू होने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे। शनिवार को एक बजे दवा खाकर परिवार समेत सो गए। इस बीच पड़ोसी निर्माणाधीन मकान से दाखिल हुए चोर 10 हजार नकदी व पत्नी रूबी के गले से चेन उतारने के साथ पास में रखी अंगूठी व दो मोबाइल समेत करीब ढाई लाख का माल चुरा ले गए। रविवार सुबह देर तक आंख न खुलने पर पड़ोसियों ने जगाया। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।