चेकरी, महाराजपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। इस बीच भीड़ ने पुलिस से हाथापाई करते हुए पथराव कर दिया। हमले में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा, महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह के सिर फट गए।
हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा
महाराजपुर के लालूखेड़ा गांव निवासी विवाहिता (32) माला का शव शनिवार को ससुराल में फंदे से लटकता मिला था। मायके पक्ष ने पति पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हाईवे पर लगा जाम
रविवार को पोस्टमाॅर्टम होने के बाद मायका और ससुराल पक्ष एक ही गाड़ी में शव रखकर अंतिम संस्कार के लिए गांव लेकर जा रहा था। रास्ते में दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद मायके पक्ष ने चकेरी एयरपोर्ट के पास वाहन रुकवा कर शव हाईवे के बीच में रखकर जाम लगा दिया।
महिला की मौत पर लगाया था हत्या का आरोप
सूचना पर चकेरी और महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ में कुछ लोगों ने पुलिस से गालीगलौज शुरू कर दी। कुछ लोगों ने वर्दी पकड़ कर मारपीट शुरू कर दी। पुलिस कर्मी जब तक कुछ समझ पाते पथराव शुरू हो गया।
कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात
पथराव के दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हमले में घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा गया। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि पथराव करने के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ कर अन्य की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।