नवाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को विवाहिता की बीमारी से मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर उसे प्रताड़ित करके बीमार करने का आरोप और गैरइरादतन हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई ने बहनाेई समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवाबगंज के ख्यौरा उजियारीपुरवा निवासी ओमप्रकाश के अनुसार नौ फरवरी 2023 को बेटी अमिता (31) की शादी मैनावती मार्ग स्थित आम्रपाली विहार के गौरव गुप्ता से की थी। आरोप है कि दामाद गौरव, बेटी के ससुर जितेंद्र, भाई सौरभ, भाभी संध्या और ननद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अमिता को प्रताड़ित करते थे।
भाई अंकित के अनुसार अमिता को दहेज का ताना देकर ससुरालीजन पीटते थे। कई दिन तक खाना नहीं देते थे। जब उसके शरीर पर चोट के निशान देखे और दबाव डालकर पूछा तब उसने प्रताड़ना की बात बताई। भाई के अनुसार अमिता को बालों से पकड़कर पीटा जाता था। इस कारण उसकी दिमाग की नसें कमजोर हो गईं थीं। उसे चक्कर आने लगे।