फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकली एंटी रैबीज वैक्सीन केस: ड्रग विभाग ने सील की दो दुकानें, अब 20 से अधिक मेडिकल स्टोर्स पर छापे की तैयारी

Thu, 24 Sep 2026 08:55 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: दिल्ली में पकड़ी गई नकली एंटी-रेबीज वैक्सीन अभयरब मामले में कानपुर कनेक्शन गहराने पर ड्रग विभाग ने बिरहाना रोड पर बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की जांच के बीच ड्रग इंस्पेक्टरों ने थोक बाजार स्थित न्यू आरजे एजेंसी और एलेक्सा एजेंसी पर छापेमारी कर दोनों दुकानों को सील कर दिया। अब शहर के 20 से अधिक मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापे मारने की तैयारी है।
विज्ञापन
न्यू आरजे एजेंसीज - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में पकड़ी गई नकली एंटी रैबीज वैक्सीन अभयरब का कनेक्शन कानपुर से और जुड़ता नजर आ रहा है। वहां छापे के दौरान बरामद इस वैक्सीन के 481 वॉयल की आपूर्ति कानपुर की एजेंसी ने की थी। बुधवार को दिल्ली क्राइम ब्रांच की जांच के बीच ड्रग विभाग की टीम ने बिरहाना रोड स्थित दो दवा फर्मों न्यू आरजे एजेंसी और एलेक्सा पर छापे मारे और सील कर दिया। कानपुर के दो थोक दवा दुकानदारों पर दिल्ली में काफी मात्रा में नकली वैक्सीन बेचने का आरोप है।

विज्ञापन

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नकली वैक्सीन कहां तैयार की गई, दिल्ली तक कैसे पहुंची और यहां से किन-किन जिलों या स्थानों पर इसकी आपूर्ति की गई। मामले की जांच कर रही टीम ने न्यू आरजे एजेंसीज में 22 सितंबर को भी छापा मारा था, लेकिन यहां कुछ भी नहीं मिला तो उस समय दुकान बंद कराकर टीम लौट गई। बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर ओमपाल और देवयानी दुबे ने बिरहाना रोड स्थित न्यू आरजे एजेंसी में छापा मारा। ड्रग इंस्पेक्टर देवयानी दुबे के अनुसार इस दौरान टीम को मौके से उक्त वैक्सीन नहीं मिली।

दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की जा रही
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुकान सील की गई। दुकान की प्रोपराइटर बलजीत कौर मौके पर नहीं मिलीं। विभाग की टीम दुकान से जुड़े महत्वपूर्ण कागज, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और बिलिंग दस्तावेजों को इकट्ठा किए हैं। इसके बाद टीम एलेक्सा एजेंसी गई, तो शटर बंद मिला। एजेंसी सील की गई। ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली दवाओं व वैक्सीन की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है।

20 से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापे की तैयारी
नकली एंटी रैबीज वैक्सीन नेटवर्क के खिलाफ ड्रग विभाग ने कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं। ड्रग विभाग अब शहर के 20 से ज्यादा मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापे मारने की योजना बना रहा है। जांच में मिली गोपनीय सूचनाओं के अनुसार, नकली दवाओं की यह खेप न केवल कानपुर शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों और जिलों में भी बड़े पैमाने पर सप्लाई की गई है। इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए ड्रग विभाग की टीमें विशेष अभियान चलाएंगी।

नकली एंटी रैबीज वैक्सीन के मामले में जांच चल रही है। ड्रग इंस्पेक्टरों ने बिरहाना रोड स्थित दो दुकानों पर छापा मारा है। मौके पर कोई नकली दवा नहीं मिली है। दस्तावेजों से छेड़छाड़ या इधर-उधर न किया जा सके, इसलिए दोनों दुकानें सील कर दी हैं। जांच कर अग्रिम कार्रवाई करेंगे।  -गोविंद गुप्ता, सहायक आयुक्त, ड्रग विभाग

नकली एंटी रैबीज वैक्सीन की बिक्री के मामले में दवा फर्म न्यू आरजे एजेंसीज और एलेक्सा एजेंसी को सील किया है। आरजे एजेंसीज के जो कागज मिले हैं, उनकी जांच की जा रही है। एलेक्सा एजेंसी बंद थी। उसके मालिक को फोन कर दस्तावेज मांगे गए हैं।  -ओमपाल सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर

कुत्तों के काटने के मामले बढ़े, वैक्सीन की किल्लत
बिरहाना रोड थोक बाजार में हर महीने करीब 5000 -6000 एंटी रैबीज इंजेक्शन अभयरब की बिक्री होती है। कुत्तों के काटने के मामले बढ़ने से इन दिनों इस एंटी रैबीज वैक्सीन की किल्लत बताई जा रही है। ऐसे में जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इसी कमी का फायदा उठाकर नकली वैक्सीन का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं हुआ।
विज्ञापन

पिछले वर्ष शहर में नकली और नशीली दवाओं को लेकर हुए थे खुलासे
पिछले साल अक्तूबर में बिरहाना रोड स्थित श्री लक्ष्मी फार्मा में ड्रग विभाग के छापे में पांच लाख रुपये की नकली दवाएं बरामद हुई थीं। यहां नकली दवाओं पर एक्सपायरी तिथि, बैच नंबर और एमआरपी भी प्रिंट किया जा रहा था। पंजाब से आई पुलिस ने ड्रग विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की थी। मामले में पंजाब पुलिस फर्म संचालक राहुल अग्रवाल की बेटी वर्तिका अग्रवाल को अपने साथ ले गई थी। बिरहाना रोड स्थित ज्ञानवीर निगम ब्रदर्स के यहां भी पिछले वर्ष ड्रग विभाग ने छापा मारा तो नकली दवाएं मिलीं थीं। सैंपल इकट्ठा कर टीम ने जांच के लिए भेजे थे, जो फेल हो गए थे। विभाग ने दुकान सील कर लाइसेंस निरस्त कर दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें