कानपुर सेंट्रल से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के लिए बृहस्पतिवार से नियमित ट्रेन कानपुर एक्सप्रेस दाैड़ने लगी। ट्रेन अपने निर्धारित समय रात 8:40 बजे सेंट्रल से रवाना हुई। ट्रेन के आरक्षित कोच की सभी सीटें फुल थीं लेकिन जनरल कोच करीब 90 फीसदी खाली नजर आए।
रेलवे बोर्ड ने 18 नवंबर को जारी आदेश में ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का नाम कानपुर एक्सप्रेस रखने की मंजूरी दी है। नई ट्रेन से दिल्ली और एनसीआर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधी रेल सुविधा मिल रही है। उन्नाव, फतेहपुर, कानपुर देहात, औरैया और इटावा के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी), उत्तर मध्य रेलवे के सदस्य डॉ. स्टैनली ब्राउन ने ट्रेन को कानपुर एक्सप्रेस नाम दिए जाने पर सांसद रमेश अवस्थी का आभार जताया है।
कानपुर एक्सप्रेस में जाने वाले यात्री खुशी जाहिर करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
सफाई उम्मीद से बेहतर
ट्रेन में बैठकर बहुत अच्छा लगा। सफाई व्यवस्था भी उम्मीद से कहीं बेहतर है। पहली यात्रा यादगार बन गई। - विधान श्रीवास्तव, यात्री
दिल्ली जाने का एक और विकल्प
हमें पहले अंदाजा नहीं था कि ट्रेन के अंदर इतनी साफ-सफाई और अच्छी व्यवस्था मिलेगी। दिल्ली जाने के लिए एक और विकल्प मिल गया है। - निलेश वर्मा, यात्री
शहर के लिए गाैरव की बात
कानपुर से एक और ट्रेन का संचालन शुरू होना शहर के लिए गौरव की बात है। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। कानपुर एक्सप्रेस नाम खुशी को बढ़ा देता है। - गीतांजलि, यात्री
कानपुर की पहचान
ट्रेन का नाम हमारे अपने शहर के नाम पर रखा गया है। यह सिर्फ रेल सुविधा नहीं, बल्कि कानपुर की पहचान और सम्मान और शहरवासियों के लिए गर्व की बात है। - कमल सिंह, यात्री