उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को यूपी एसटीएफ ने शुक्रवार सुबह एनकाउंटर में मार गिराया। विकास के एनकाउंटर के बाद शनिवार को पुलिस विकास के गांव बिकरू पहुंची।
यहां पुलिस ने बिकरू कांड वाले दिन पुलिसकर्मियों के छीने गए हथियारों की बरामदगी को लेकर मुनादी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए गांव के लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास पुलिस से लूटे हथियारों की सूचना है तो वे इसके लिए पुलिस को सूचित कर दें। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सूचना न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास से हथियार बरामद किए जाएंगे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बीते 2-3 जुलाई को विकरू गांव में मुठभेड़ के दौरान विकास और उसकी गैंग ने सीओ समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी और उनके हथियार छीन लिए थे।
बता दें कि दो जुलाई की रात को विकास दुबे के घर दबिश देने गई पुलिस टीम पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया था। जिसमें सीओ समेत आठ पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे। पुलिस ने आठ दिनों में विकास के पांच साथियों को मारने के बाद अखिर में विकास को भी ढेर कर दिया।