फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur Encounter News Live Updates: दुर्दांत विकास दुबे पर ढाई लाख का इनाम, तीन राज्यों में हो रही तलाश

Mon, 06 Jul 2020 05:52 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, कानपुर

खास बातें

कानपुर के चौबेपुर में हुई मुठभेड़ को 85 घंटे पूरे हो चुके हैं। घटना का मुख्य आरोपी विकास दुबे अभी तक फरार है। उस पर ढाई लाख का इनाम घोषित हो चुका है। आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद पुलिस की 100 से अधिक टीमें तीन राज्यों में विकास की तलाश कर रही हैं। इस सब के बीच अब शहीद सीओ का ऑडियो और शिकायत पत्र वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने बड़ी घटना की आशंका जताई थी। पढ़ें दिनभर के सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
कानपुर एनकाउंटर लाइव अपडेट - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:55 PM, 06-Jul-2020

किसने-किसने फोन किया, जांच जारी
थाने के लगभग सभी पुलिसकर्मियों की विकास से बातचीत होती थी। जांच टीमें तफ्तीश कर रही हैं कि दबिश की जानकारी किसने-किसने दी। साक्ष्य जुटाने का काम जारी है। एसओ समेत कई पुलिसकर्मी रडार पर हैं।

05:51 PM, 06-Jul-2020

विकास ही तय करता था राशन दुकान के आवंटन में
शिवराजपुर विकास खंड क्षेत्र की सभी 64 ग्राम पंचायतों में सरकारी राशन की दुकानों के आवंटन में विकास दुबे का सीधा हस्तक्षेप रहता था। यदि कोई राशन विक्रेता आनाकानी करता या उसके हुक्म को नहीं मानता, तो उसके गुर्गे कोटेदार की नाक में दम कर देते थे।

05:45 PM, 06-Jul-2020

विकास दुबे की चचेरी बहन और भांजे को एसटीएफ ने उठाया
बिकरू कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास दुबे की चचेरी बहन शैलजा को रसूलाबाद कस्बे से एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। मां के साथ जाने की जिद पर पुलिस उसके 10 वर्षीय बच्चे को भी ले गई। फिलहाल, विकास के चाचा और अन्य लोग घर से फरार हो गए हैं।

विज्ञापन
05:34 PM, 06-Jul-2020

एडीजी बोले, चल गया विभीषण का पता
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली पहुंचे एडीजी जयनारायन सिंह ने पत्रकारों से कहा कि बिकरू में दबिश की सूचना विकास दुबे को देने वाले विभीषण का पता चल गया है। उसे चिह्नित कर लिया गया है, लेकिन उसका नाम नहीं बताएंगे। जल्द ही कठोर कार्रवाई होगी। तब उसकी पहचान उजागर की जाएगी।

05:30 PM, 06-Jul-2020

फिर से खुलेगी विकास दुबे के अपराधों की फाइल
बिकरू गांव पहुंचे एडीजी जोन जय नारायण सिंह ने कहा कि शुरुआती दौर में मामूली अपराधों को अनदेखा किया जाना ही विकास दुबे का हौसला बढ़ाता गया। विकास दुबे से जुड़े पुराने मामलों की फाइलें पुन: खुलवाई जा रही हैं। घटना में संलिप्त किसी भी शख्स को बख्शा न जाएगा।

विज्ञापन
05:26 PM, 06-Jul-2020

विकास की दहशत: बगैर चढ़ावा चढ़ाए नहीं चलने देता उद्योग-धंधे
कानपुर में शिवराजपुर, चौबेपुर, शिवली व बिठूर थाना क्षेत्र में विकास दुबे की दहशत का ये आलम है कि बगैर उसकी इजाजत के कोई उद्योगपति अपना काम नहीं शुरू करता। उद्योगपतियों से लेकर खनन माफिया तक  विकास को चढ़ावा चढ़ाते और उन्हें संरक्षण मिलता। आसपास क्षेत्र में चलने वाले बड़े उद्योगों से वसूला जाने वाला लाखों का गुंडा टैक्स ही विकास दुबे की आय का मुख्य साधन था।

05:22 PM, 06-Jul-2020

मुठभेड़ में मारे गए बदमाश प्रेम प्रकाश पांडेय की पत्नी ने लगाए आरोप
बिकरू गांव में मुठभेड़ में मारे गए बदमाश प्रेम प्रकाश पांडेय की पत्नी सुषमा ने पति को बेकसूर बताते हुए विकास दुबे पर परिवार बर्बाद करने का आरोप लगाया है। कहा कि पुलिस को मारना ही है तो विकास को मारे। पुलिस पर भी आरोप लगाया कि पति का शव उन्हें नहीं सौंपा गया।

05:08 PM, 06-Jul-2020

चौबेपुर एसओ ने विकास के लिए हटवाई थी रिपाेर्ट से एक धारा
चौबेपुर मुठभेड़ के बाद खुलासा हुआ है कि कुख्यात अपराधी विकास दुबे के निलंबित थानेदार विनय कुमार तिवारी से दोस्ताना संबंध थे। पूर्व एसओ चौबेपुर ने एक मुकदमे में दर्ज वसूली के लिए धमकी की धारा 386 हटवा दी थी। इसकी रिपोर्ट बिकरू कांड में शहीद सीओ देवेंद्र मिश्र ने तत्कालीन एसएसपी को भेजी थी। जिसका शिकायत पत्र अब वायरल हो रहा है।

05:01 PM, 06-Jul-2020

विकास के घर से पुलिस को मिली एक फाइल
बिकरु गांव में स्थित घर के ध्वस्तीकरण के बाद जब पुलिस ने तलाशी ली तो एक ऐसी ही फाइल सामने आई जिसमें विकास की 1991 के बाद से अखबारों में प्रकाशित खबरों की कटिंग सुरक्षित रखी गई हैं। यही नहीं, बड़ी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त में होने की खबरों की कटिंग भी इस फाइल में मिली हैं।

04:54 PM, 06-Jul-2020

विकास को पकड़ने के लिए फतेहपुर के जंगलों में कांबिंग
बिकरू हत्याकांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की तलाश में फतेहपुर पुलिस ने कानपुर की पुलिस के साथ भाऊपुर के जंगल में कांबिंग शुरू की है। इस दौरान दो संदिग्ध लोगों को पुलिस ने उठाया है और अज्ञात जगह रखकर पूछताछ कर रही है। 

04:47 PM, 06-Jul-2020

पुलिस ने विकास की पत्नी रिचा दुबे का मोबाइल किया जब्त
विकास दुबे की पत्नी रिचा के बारे में चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जांच में सामने आया है कि रिचा के मोबाइल से गांव का सीसीटीवी कनेक्ट रहता था। जब भी पुलिस विकास को पकड़ती थी, वह क्लिप को सोशल मीडिया पर वायरल कर देती, ताकि पुलिस उसका एनकाउंटर न कर सके।

04:41 PM, 06-Jul-2020

बिकरू में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात
विकास दुबे को पकड़ने के लिए जारी ताबड़तोड़ दबिश और पुलिस की सख्ती से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। पीएसी, आरआरएफ और पुलिस के 700 जवान गांव के चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। कोई भी बगैर अनुमति के गांव के बाहर और अंदर नहीं जा सकता है।

04:34 PM, 06-Jul-2020

पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव वालों और संदिग्धों को हिरासत में लिया
कुख्यात अपराधी विकास दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस हर कोशिश कर रही है। इसी मामले में पुलिस ने उसके गांव बिकरू के तीस से अधिक शातिरों को पूछताछ के लिए उठाया है। इसके साथ ही आसपास के गांव के ग्रामीणों और 70 संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। यह सभी विकास दुबे के सीधे संपर्क में थे।

04:30 PM, 06-Jul-2020

शहीद सीओ की बेटी ने कहा सिखाऊंगी अपराधियों को सबक
चौबेपुर मुठभेड़ में शहीद सीओ बिल्हौर देवेन्द्र मिश्रा का ऑडियो और शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो और शिकायत पत्र देखने के बाद शहीद देवेंद्र मिश्रा की बेटी ने कहा मैं डॉक्टर बनना चाहती थी लेकिन इस घटना ने मुझे झकझोर कर रख दिया है। अब मैं अपने पिता की तरह पुलिस में भर्ती होकर ऐसे अपराधियो को सबक सिखाऊंगी।

03:40 PM, 06-Jul-2020

कानपुर देहात पुलिस विकास को पकड़ने के लिए दे रही दबिश
गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने के लिए कानपुर देहात पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है। कानपुर देहात में पुलिस सघन चेकिंग अभियान के साथ लगातार गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कानपुर देहात पुलिस ने गैंगस्टर विकास दुबे का पोस्टर जगह-जगह चिपकाया है। बारा टोल प्लाजा पर भी पुलिस ने विकास दुबे का पोस्टर चस्पा किया है।

03:13 PM, 06-Jul-2020

विकास दुबे से एसटीएफ की पूछताछ का वीडियो हो रहा वायरल
सोशल मीडिया पर विकास दुबे से पूछताछ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो 2017 का बताया जा रहा है। जब एसटीएफ ने विकास को उसके लखनऊ स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। वीडियो में विकास चौबेपुर से भाजपा विधायक भगवती सागर और बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा का नाम लेते हुए नजर आया है। जिसके बाद भगवती सागर और अभिजीत सांगा ने सफाई दी है कि उनका विकास से कोई संबंध नहीं है।

03:04 PM, 06-Jul-2020

शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा का ऑडियो और शिकायत पत्र वायरल 
शहीद सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा और तत्कालीन एसएसपी कानपुर अनंत देव का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में सीओ देवेंद्र मिश्रा साफ साफ शिकायत कर रहे हैं कि उनके अधीनस्थ उनकी नहीं सुनते थे और मनमानी करते थे। इसी के साथ एक पत्र भी वायरल हो रहा है जिसमें सीओ देवेंद्र मिश्रा ने लिखा है कि एसओ चौबेपुर निर्देशों के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

03:04 PM, 06-Jul-2020

कुख्यात विकास पर इनाम की रकम हुई ढाई लाख
8 पुलिसकर्मियों के मौत के जिम्मेदार दहशतगर्द विकास के ऊपर अभी तक एक लाख का इनाम घोषित था। आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल ने डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी को पत्र लिख इनाम बढ़ाने की मांग की थी। जिसके बाद डीजीपी ऑफिस से दुर्दांत विकास दुबे पर इनाम की रकम बढ़ाकर ढाई लाख कर दी गई है।

03:03 PM, 06-Jul-2020

तीन पुलिसकर्मी निलंबित
कानपुर एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी कानपुर दिनेश कुमार पी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। चौबेपुर में तैनात दरोगा कुंवर पाल, दरोगा कृष्ण कुमार शर्मा और सिपाही राजीव को निलंबित किया गया हैं। इन तीनों की कॉल डिटेल्स में विकास दुबे का नंबर मिलने पर कार्रवाई हुई है।

03:03 PM, 06-Jul-2020

यूपी बाॅर्डर पर हाईअलर्ट
यूपी की सीमाओं को सील कर दिया गया है। नेपाल बॉर्डर पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। विकास की अंतिम लोकेशन पुलिस ने औरैया में ट्रेस की थी। पुलिस अधिकारी ये बता रहे हैं कि वो यूपी की सीमाओं को सील करने से पहले ही यूपी छोड़ चुका था। 

02:57 PM, 06-Jul-2020

Kanpur Encounter News Live Updates: दुर्दांत विकास दुबे पर ढाई लाख का इनाम, तीन राज्यों में हो रही तलाश

विकास के घर में बंकर से मिला विस्फोटक 
वहीं पुलिस ने बिकरू गांव में विकास के मकान को जमींदोज कर दिया है। उसके घर से भारी मात्रा में असलहा बारूद मिला है। पुलिस ने उसके घर की दीवारों में चुने हुए हथियार भी बरामद किए है। पुलिस ने विकास के बैंक खातों को सीज कर उसके संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें