बिधनू के कठारा में स्थित मुर्गी फार्म में कानपुर देहात के रनिया फतेहपुर रोशनाई गांव निवासी मजदूर रामजी (24) का शनिवार को शव फंदे से लटका मिला। परिजन ने ठेकेदार और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की बहन रोशनी ने पुलिस को बताया कि भाई रामजी करीब ढाई साल से मुर्गी फार्म में काम कर रहा था। आरोप है कि ठेकेदार भाई रामजी को कभी पूरी तनख्वाह नहीं देता था। शनिवार को भाई ने उन्हें फोनकर रुपये मांगने पर ठेकेदार द्वारा गालीगलौज व पीटने की बात बताई। रोशनी के अनुसार वह उसे समझा रही थी तभी उसने बिलखते हुए फोन काट दिया। 15 मिनट तक फोन रिसीव नहीं किया। कुछ देर बात किसी अन्य युवक ने फोन उठाकर रामजी के खुदकुशी कर लेने की बात बताई। मृतक की पत्नी, छोटे भाई श्यामजी और बहन ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।