सेंट्रल से लखनऊ जा रही मेमू एक्सप्रेस के आगे आकर नशे में धुत महिला ने जमकर हंगामा किया। उसे लोको पायलट व सह पायलट ने हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। आखिर में जीआरपी ने स्थानीय महिलाओं के सहयोग से उसे ट्रैक से हटाया गया। इस दौरान ट्रेन करीब आधा घंटे तक खड़ी रही।
रविवार की सुबह करीब 10 बजे सेंट्रल स्टेशन से मेमू रवाना हुई। ट्रेन जैसे ही मुरे कंपनी पुल के पास पहुंची, तभी एकदम से ट्रैक पर नशे में धुत एक महिला आ गई। उसे देखकर लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी और महिला से हटने के लिए कहा, लेकिन महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसके हाथ में शराब की बोतल भी थी। लोको पायलट ने कंट्रोल को सूचना दी। जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ ने माैके पर पहुंचकर हंगामा कर रही महिला को बस्ती के अन्य लोगों के सहयोग से ट्रैक से हटवाया।