घायल युवक से घटना की जानकारी करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
यशोदानगर बाईपास पर विराटनगर पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर बाइक टकराने के विवाद में बाइक सवार डिलीवरी बॉय व उसके दो साथियों ने मिलकर दूसरी बाइक पर सवार पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर मदद को पहुंची भीड़ ने डिलीवरी बॉय को पकड़कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। उसके दोनों साथी भाग निकले।
दुस्साहसिक वारदात की सूचना पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने अस्पताल में घायल और उसकी मां से पूछताछ की। चकेरी मोड़ पर रामनगर स्थित नई प्लाटिंग निवासी शिवनारायण त्रिवेदी (60) बेटों शिवम (25) और सत्यम के साथ किदवईनगर मार्बल मार्केट में कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। यशोदानगर चौराहे के पास उनकी बाइक की पास से गुजर रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने पिता, पुत्रों पर हेलमेट से सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद चाकू निकालकर पिता-पुत्रों पर ताबड़तोड़ वार किए। शिवनारायण, शिवम व सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तीनों को हैलट पहुंचाया जहां डॉक्टर ने शिवनारायण और छोटे बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम का इलाज किया जा रहा है। वारदात की जानकारी जैसे ही घर में बुजुर्ग शिवनारायण की पत्नी सुधा को पता चली तो वह बेहोश हो गईं। पुलिस कमिश्नर रघुबीरलाल, एडीसीपी योगेश कुमार ने सत्यम से घटनाक्रम की जानकारी ली।
उन्होंने बताया पकड़ा गया युवक मूलरूप से कानपुर देहात के छबैया का रहने वाला शिवा वर्मा है। वह श्यामनगर में रहकर डिलीवरी बॉय का काम करता है। पुलिस टीम उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापा मार रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।