कानपुर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत आने वाले हैलट से संबद्ध जच्चा-बच्चा अस्पताल में रात के आठ बजे के बाद गर्भवतियों के आने की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से बड़ी संख्या में गंभीर व सामान्य प्रसूता रेफर होकर यहां पहुंच रही हैं, जिससे अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है। यहां हर रात सात से आठ मामले रेफर होकर आते जिनमें 50 फीसदी मामलों कोई खास गंभीर भी नहीं होते।
हैलट अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, रात के समय रोजाना औसत 12 ऑपरेशन हो रहे हैं जिसमें सात से आठ मामले रेफर होकर आने वाले हैं। इन रेफरल मामलों में तीन से चार ऐसे मामले होते हैं जिसमें कोई खास गंभीरता नहीं होती है और उनकी सर्जरी कर डिलीवरी करा दी जाती है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार मामले कांशीराम, डफरिन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर, चौबेपुर, बिधनू, शिवराजपुर, बिल्हौर आदि जगहों से मामले रेफर होकर आते हैं।
रात के समय लाइन जैसी लगी रहती है
हालांकि, इन प्रसूताओं की सर्जरी वहां पर भी आराम से की जा सकती है। रेफर होकर आने वाले मामलों में अधिकतर तीमारदार बताते हैं कि वहां पर रात के समय कोई डॉक्टर नहीं मिला। इसलिए रेफर कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ का कहना है कि अगर जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर ही रात के समय प्रसव की व्यवस्था हो जाए तो हमारे अस्पताल पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। रात के समय लाइन जैसी लगी रहती है।
हमारे यहां 10 से 11 बजे रात तक सर्जरी होती है। अस्पताल में दो ही एनेस्थेसिस्ट हैं। उनसे ही हम काम लेते हैं। -डॉ. रुचि जैन, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, डफरिन
रात के समय हमारे यहां डिलीवरी होती है। हो सकता है कि कोई मामला ऐसा हो जटिल हो जिसको रेफर किया गया हो। -डॉ. पीयूष मिश्रा, सीएमएस कांशीराम
हमारे अस्पताल में रोगी बड़ी संख्या में आते हैं। टर्सरी सेंटर है इसलिए रेफर होकर आने वाले रोगियों की संख्या भी अधिक है। अकेले रात के समय में 12 से 16 सर्जरी होती है। -डॉ. सीमा द्विवेदी, विभागाध्यक्ष, स्त्री रोग विभाग, हैलट