जलभराव में अपने बच्चों को लेकर निकलते अभिभावक
- फोटो : amar ujala
कानपुर में तेज बारिश से सोमवार को लगभग आधा शहर जलमग्न हो गया। गंगा और पांडु नदी के उफनाने से इनमें गिरने वाले सीसामऊ, सीओडी, रफाका नाले बैकफ्लो हो गए। बारिश के बाद शहरवासी जाम से भी परेशान हुए। जूही खलवा पुल बंद होने से झकरकटी पुल, नयापुल और गोविंदपुरी पुल पर जाम लगा। हैलट रोड सहित कई मार्गों पर एंबुलेंस फंसी रहीं। बर्रा रोड में गड्ढे नजर नहीं आने से लोडर पटल गया।
केशवपुरम में मंदिर की दीवार गिरने से कार, बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। उधर, नगर निगम ने जलभराव से निजात के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय करने का दावा किया पर कई जगह रात तक पानी नहीं निकला। सोमवार को हुई बारिश से नगर निगम मुख्यालय में पानी टपकने के साथ ही परिसर से केडीए रोड तक जलभराव हुआ। अशोकनगर, सर्वोदयनगर, कौशलपुरी, शास्त्रीनगर, विजयनगर से लेकर गोविंदनगर, साकेतनगर, निरालानगर, किदवईनगर, कल्याणपुर, आवास विकास अंबेडकरपुरम, मंगला विहार सहित 100 से ज्यादा मोहल्लों में पानी भर गया।
गोविंदनगर पुराने पुल पर लगा जाम
- फोटो : amar ujala
कई इलाकों के घरों में भरा पानी
सीओडी नाला बैकफ्लो होने से ग्वालटोली, खलासी लाइन के घरों में गंदा पानी और सिल्ट पहुंची। दक्षिणी क्षेत्र में सीओडी नाला बैकफ्लो होने आरबीआई नाला भी उफना गया। इससे किदवईनगर के ब्लाक, बसंतविहार, निरालानगर, उस्मानपुर, रविदासपुरम, गूबा गार्डन, कल्याणपुर खलवा, गुप्ता कालोनी मकड़ीखेड़ा आदि में घरों तक में पानी घुसा। कल्याणपुर बगिया क्रॉसिंग अंबेडकरपुरम केसा चौराहा, पनकी ई-ब्लाॅक में घंटों पानी भरा रहा।
मेडिकल कॉलेज पुल पर लगा जाम
- फोटो : amar ujala
राजमार्ग, जीटी रोड, कालपी रोड तक हुए जलमग्न
अफीम कोठी चौराहे व सिटी क्लब के पास, आचार्यनगर से जरीबचौकी, गुमटी क्रॉसिंग, कोकालोला चौराहे से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर तक और रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कल्याणपुर क्रॉसिंग तक सड़क पर पानी भरने से गड्ढे नजर नहीं आए। आईआईटी से हैलट तक सभी मेट्रो स्टेशनों के पास पानी भरा रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग में गुजैनी बाईपास पर पानी भरने से सर्विसलेन से निकलने वाले वाहनों को दिक्कतें हुईं। सर्वोदयनगर मॉडल रोड भी जलमग्न रहा।
मरियमपुर चौराहे पर लगा भीषण जाम
- फोटो : amar ujala
मेट्रो की लापरवाही से आठ मोहल्ले हुए जलमग्न
मेट्रो के लापरवाह अफसरों ने जूही हमीरपुर रोड, जूही गढ़ा में गहरी सीवर लाइन ठीक नहीं कराई। इससे जूही गढ़ा, जूही बंबुरहिया, परमपुरवा से गोविंदनगर चावला चौराहा, नंदलाल चौराहा, 13 ब्लाॅक सब्डी मंडी, निरालानगर, विनोवानगर आदि मोहल्लों में घंटों पानी भरा रहा। इस पर नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अफसरों को फोन कर पानी निकासी के बंदोबस्त करने को कहा।
जूही खलवा पुल पर बारिश केबद जल भराव
- फोटो : amar ujala
पानी भरने से जूही खलवा पुल हुआ बंद
जूही खलवा पुल में पानी भरने के बाद नगर निगम ने संपवेल चालू कर इसकी निकासी शुरू कराई। यहां बैरियर लगा पुल बंद करा दिया गया। देर रात रात तक पानी निकाला जाता रहा। इधर से निकलने वाले वाहन झकरकटी पुल नया पुल होते हुए या गोविंदपुरी पुल से आगे गए। यहां जाम से लोग परेशान हुए।
फजलगंज चौराहे से कबाडी मार्केट चौराहे पर जल भराव के बीच निकलते वाहनों
- फोटो : amar ujala
गंगा और पांडु नदी उफनाने से कई नाले बैक फ्लो हुए। इसी वजह से पानी निकलने में घंटों लग गए। सभी जोनों में क्विक रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। जोनल अभियंता भी क्षेत्र में पानी निकासी के बंदोबस्त करते रहे। शाम तक ज्यादातर मोहल्लों से पानी निकल गया था। फिर तेज बारिश न हुई तो सुबह जूही खलवा पुल से यातायात शुरू हो जाएगा। -एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
जेके मंदिर से मेडिकल काॅलेज पुल पर तक लगे भीषण जाम में घंटो फंसे रहे वाहनों की लगी कतार
- फोटो : amar ujala
हैलट मेट्रो स्टेशन से गोल चौराहे तक फंसीं 11 से ज्यादा एंबुलेंस
बारिश के बाद हैलट मेट्रो स्टेशन से गोल चौराहे तक दोनों लेन पर लगे भीषण जाम में करीब 11 से ज्यादा एंबुलेंस फंसी रहीं। इनको निकालने में पुलिस के हाथ पांव फूल गए। करीब दो घंटे तक यही स्थिति बनी रही सभी एंबुलेंस रेंग-रेंगकर आगे बढ़ीं। इसी तरह रावतपुर क्रॉसिंग के पास जलभराव के कारण वाहन सवार व एंबुलेंस धीरे-धीरे निकल सकीं। कबाड़ी मार्केेट, चेन फैक्टरी चौराहा, फजलगंज, शास्त्रीनगर, काकादेव नीरझीर चौराहा, डबल पुलिया, विजयनगर, नजीराबाद, पीरोड सीसामऊ में भीषण जाम की स्थिति रही। लाजपतनगर से मरियमपुर मार्ग पर लगे जाम में एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह भी फंस गईं। यहां उन्होंने देखा किए एक मरीज को ले जा रही एंबुलेंस जाम की वजह से निकल नहीं पा रही है। इस पर उन्होंने खुद जाम हटाकर मरीज को अस्पताल भेजा। स्कूली छात्र-छात्राएं भी जाम में फंसकर परेशान हुए।
गोविंद नगर चावला मार्केट चौराहे से नंदलाल चौराहा और निराला नगर लेबर मंडी तक भीषण जाम
- फोटो : amar ujala
गलियों से निकले लोग तो वहां भी लगा जाम
दोपहर दो बजे से लेकर रात के आठ बजे तक शहर के हर चाैराहा, गली जाम से जुझता रहा। कुछ जगहों पर बारिश से धंसी सड़कों की वजह से तो कुछ जगहों पर लबालब भरे पानी के कारण लंबा जाम दिखा। स्थिति यह रही कि टाटमिल चाैराहे से फजलगंज तक कार से आने में दो घंटे लगे। जबकि 20 मिनट का रास्ता है। इसी तरह जो नाैबस्ता से स्वरूप नगर आना चाह रहा था, वह नंदलाल चाैराहे से लेकर फजलगंज के बीच एक घंटे से अधिक समय तक फंसा रहा। न दुपहिया वाले आगे बढ़ पा रहे थे न ही अन्य कोई । वाहनो की भीड़ इतनी अधिक और बेतरतीब थी कि लोगों का पैदल निकल पानी भी मुश्किल हो रहा था। एक गली से दूसरी गली होते हुए लोग अपना वाहन लेकर जैसे ही मुख्यमार्ग तक आते जाम में फंस जाते थे। थोड़ी देर के बाद गलियों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जो जहां फंस गया वहां से हिल भी नहीं पा रहा था। पहले दो घंटे तक बारिश फिर छह घंटे तक जाम ने लोगों को बेदम कर दिया। पुलिस फोर्स कई स्थानों पर नजर आई लेकिन जाम इतना भीषण रहा कि उसे भी खुलवाने में घंटों लग गए।