कर चोरी की आशंका में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीजीआई) रीजनल यूनिट कानपुर की नौ से ज्यादा टीमों ने शुक्रवार को बैटरी स्क्रैप कारोबारी के पनकी स्थित फैक्टरी, गोदाम और ट्रांसपोर्टनगर स्थित प्रतिष्ठान पर छापा मारा। देर रात तक टीमें जांच-पड़ताल करती रहीं। अफसरों को कर चोरी के दस्तावेज मिले हैं। टीम ने कंप्यूटर, लैपटॉप और हार्ड डिस्क जब्त कर ली है।
डीजीजीआई के अफसरों ने पनकी साइट तीन स्थित एएस इंटरप्राइजेज और एसके इंटरप्राइजेज के प्रतिष्ठानों पर सुबह सात बजे छापा मारा। बताया गया कि यहां पर रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक बैटरी का स्क्रैप निकाला जाता है। स्क्रैप व अन्य उपकरणों की मदद से नई बैटरी बनाई जाती है। सुबह काम बंद कर दिया जाता है। विभाग के अधिकारी इस पर लंबे समय से निगाह रख रहे थे।