कार्डियोलॉजी, कानपुर और डॉ. आरिफ
- फोटो : amar ujala
दिल्ली ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियों के हत्थे चढ़े डॉ. शाहीन, डाॅ. परवेज आलम और डॉ. आरिफ मीर का कानपुर कनेक्शन मिलने से संवेदनशीलता बढ़ गई है। शासन और पुलिस मुख्यालय ने शहर में रह रहे करीब 150 कश्मीरी छात्रों की 48 घंटों में रिपोर्ट मांगी है। इसमें उनकी गतिविधियां, लोगों से मिलना जुलना, किसी विशेष आयोजन में शामिल होना और कश्मीर की यात्रा समेत अन्य बिंदु शामिल हैं। इस कार्य में कल्याणपुर, नवाबगंज, बिठूर, रावतपुर समेत अन्य थानाें की पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
डॉ. शाहीन, डॉ. परवेज आलम, डॉ. आरिफ मीर का नाम चिकित्सा क्षेत्र के साथ ही देश विरोधी गतिविधियों में आने के बाद एटीएस, एनआईए, इंटेलीजेंस ब्यूरो समेत अन्य जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं हैं। उन्हें कई डॉक्टरों और इंजीनियरों के इस गिरोह में शामिल होने का आशंका है। विस्फोट में जान गंवाने वाले डॉ. उमर और डॉ. आरिफ ने मेडिकल की पढ़ाई कश्मीर से ही की है। ऐसे में जांच एजेंसियां उनके साथ कश्मीर के अन्य छात्रों के जुड़ने को लेकर जांच में जुट गई है। पुलिस और एजेंसियों को कुछ सबूत मिले हैं, जिनमें कुछ कश्मीरी छात्रों के शिरकत करने की बात सामने आई है।