परौंख गांव की नवनिर्मित पानी की टंकी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख और उसके मजरों में रहने वाले लोगों को शुद्ध पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों में खुशी है। पाइप पेयजल परियोजना की टेस्टिंग कर खामियां दूर कर कनेक्शन किए जा रहे हैं। कुल 1320 घरों में पाइप लाइन से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का लक्ष्य है।
परौंख में जल निगम ने 3.20 करोड़ रुपये की लागत से 250 किलोलीटर क्षमता की टंकी का निर्माण कार्य फरवरी 2019 में शुरू कराया था। परौंख व छह मजरों में जलापूर्ति के लिए कुल 20.71 किमी लंबाई की भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई है। अब काम पूरा हो गया है। पाइप लाइन व टंकी की टेस्टिंग की जा रही है। पाइप लाइन परियोजना की टेस्टिंग के दौरान सामने आने वाली खामियों को भी दूर कराया जा रहा है। गांव के लोगों के घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू होने से अब लोगों को पेयजल के लिए हैंडपंप पर नहीं भटकना पड़ रहा है। कई लोगों ने घरों में पेयजल कनेक्शन कराया है। जल निगम भी लोगों से संपर्क कर पेयजल कनेक्शन कराने की पहल कर रहा है। अब तक तीन सौ घरों में पेयजल कनेक्शन का काम पूरा हो गया है।
अधिशासी अभियंता एमके सिंह ने बताया कि परौंख पेयजल योजना में प्राथमिकता के आधार पर काम कराया गया है। फरवरी 2020 में योजना का काम पूरा करने का लक्ष्य था। समय पर योजना का काम पूरा हो गया है। अब कनेक्शन दिए जा रहे हैं। कनेक्शन वाले घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है।