झींझक (संवाद)। लखनऊ आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस में नहीं चढ़ पाने से नाराज पीईटी अभ्यर्थियों ने झींझक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को हंगामा किया। इस पर जीआरपी कर्मियों ने सभी को समझाकर शांत कराया और बाद में आई महानंदा व ऊंचाहार एक्सप्रेस से आगे भेजा।
कानपुर देहात के कई अभ्यर्थियों को पीईटी देने के लिए आगरा जाना था। शुक्रवार की शाम इसके लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी झींझक स्टेशन पहुंच गए। शाम 7:01 बजे जैसे ही लखनऊ आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस झींझक स्टेशन पर रुकी, तभी अभ्यर्थियों ने ट्रेन में चढ़ने की जद्दोजहद शुरू कर दी गई।
इस दौरान अभ्यर्थियों का यात्रियों से विवाद हो गया। काफी संख्या में अभ्यर्थी ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। इस पर उन्होंने प्लेटफार्म पर हंगामा करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। जीआरपी कर्मियों ने किसी तरह उन्हें शांत कराया गया।
चौकी प्रभारी जीआरपी झींझक मनीष कुमार ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण बहुत से अभ्यर्थी लखनऊ आगरा इंटरसिटी में नहीं बैठ पाए थे। उन्हें पीछे आ रही महानंदा एक्सप्रेस व ऊंचाहार एक्सप्रेस से भेजा गया।