कानपुर देहात। तमंचे के साथ पकड़े गए युवक के पुलिस हिरासत से भागने के मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी व दोनों सिपाहियों के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। सोमवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अकबरपुर पुलिस ने कस्बे के शिवा उर्फ दिशांत को तमंचे व कारतूस के साथ पकड़ा था। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की थी। रविवार को शिवा थाने के शौचालय से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था।
काफी तलाश के बाद भी वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था। मामले में लापरवाही का दोषी पाते हुए सिपाही उम्मेद कुमार व महिला सिपाही सुमन को एसपी सुनीति ने निलंबित कर दिया। उम्मेद दीवान थाने के कार्यालय व सुमन की पहरा ड्यूटी थी।
शिवा के खिलाफ हिरासत से भागने व दोनों सिपाहियों के खिलाफ ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने में रिपोर्ट दर्ज की गई। इधर, पुलिस और एसओजी आरोपी की तलाश में दिनभर दबिश देती रहीं।
देर शाम अकबरपुर थाना पुलिस ने उसे कस्बे से पकड़ लिया। पूछताछ में शिव ने बताया कि वह जिले से बाहर भागने की फिराक में था पर मौका नहीं मिल सका। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।