कानपुर देहात। जिले में 22 हजार 453 ट्रैक्टर में लगी ट्रालियों का पंजीकरण ही नहीं है। यह बिना रिफ्लेक्टर के सड़कों पर दौड़ रही हैं। इनसे रात में हादसे का खतरा रहता है। एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि बिना पंजीकरण के दौड़ रही ट्रैक्टर ट्रालियों के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार जिले में महज 84 ट्रैक्टर में ट्रालियां लगी हुई हैं। इनका विभाग में पंजीकरण है। परिवहन अधिकारियों का कहना है कि इन सभी ट्रालियों में दुर्घटना की संभावना को देखते हुए रिफ्लेक्टर लगे हुए हैं। विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 22 हजार 453 ट्रैक्टर पंजीकृत हैं। यह सभी ट्रालियों का इस्तेमाल भी करते हैं।
इसके बाद भी विभाग में वाहन मालिकों की ओर से ट्रालियां पंजीकृत नहीं कराई गई है। सर्दी में दुर्घटनाओं को देखते हुए डीएम राकेश कुमार सिंह ने वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए थे। ट्रालियां पंजीकृत न होने के कारण उन पर रिफ्लेक्टर नहीं लग पा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन उमाशंकर ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रालियों पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई की जाती है।